माधोपुर-बेहड़ियां क्रेशर यूनियन की ओर से सर्वसम्मति से लक्ष्मण नय्यर को फिर से यूनियन का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही जसवंत सिंह रानीपुर को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नवनियुक्त अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का सभी सदस्यों ने स्वागत किया और इस नई पारी के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। अध्यक्ष पद का कार्यभार दोबारा संभालने के बाद लक्ष्मण नय्यर ने क्रेशर इंडस्ट्री के ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाते कहा कि मौजूदा समय में यह उद्योग बेहद मुश्किल और नाजुक दौर से गुजर रहा है। उन्होंने चिंता जताते हुए स्पष्ट किया कि सरकार की तरफ से अभी तक कोई नई पॉलिसी और राहत लागू न किए जाने के कारण इलाके के बहुत से क्रेशर बंद होने की कगार पर पहुंच चुके हैं या बंद हो गए हैं। इसके अलावा रास्तों की खस्ता हालत को लेकर भी कारोबारियों को कई गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। नय्यर ने सरकार से पुरजोर मांग की है कि क्रशर इंडस्ट्री को बचाने के लिए जल्द से जल्द एक पारदर्शी नीति (पॉलिसी) लाई जाए और क्रशरों को माल की सप्लाई के लिए एक उचित व वैध सोर्स उपलब्ध करवाया जाए ताकि यह व्यापार और इससे जुड़े हजारों लोगों का रोजगार सुचारू रूप से चल सके।