कोटकपूरा में दो लोगों की टारगेट किलिंग की साजिश रचने के मामले में गिरफ्तार चार आरोपियों का संबंध विदेश में बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के गैंग से होने का खुलासा हुआ है। मंगलवार को फरीदकोट रेंज की आईजी निलांबरी जगदले ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है और उनके नेटवर्क की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि थाना सदर कोटकपूरा पुलिस ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स पंजाब और एसटीएफ हरियाणा के साथ संयुक्त ऑपरेशन में चारों को गांव ढिलवां कलां के नजदीक से गिरफ्तार किया था। इनकी पहचान सुरेंद्र सिंह उर्फ शैरी, सुखनाम सिंह उर्फ सुक्खा, मुस्ताक अली और हैप्पी सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से एक .32 बोर और दो .30 बोर सहित तीन पिस्तौल तथा 11 कारतूस बरामद किए थे। पुलिस अब हथियारों के स्रोत और साजिश में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।