फिरोजपुर में फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने क्षेत्र के कई नामी ढाबों और रेस्टोरेंट पर अचानक छापेमारी की। इस दौरान टीम को खानपान की सामग्री की गुणवत्ता और साफ-सफाई में कई खामियां मिलीं। जांच के दौरान कुछ ढाबों की रसोई में सड़ी हुई हरी मिर्च और अदरक पाए गए, जिन्हें मौके पर ही फिंकवा दिया गया। इसके अलावा रसोई और आसपास के क्षेत्रों में काफी गंदगी भी मिली। विभाग की टीम ने ढाबा संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग की ओर से आगे भी ढाबों और रेस्टोरेंट की जांच लगातार जारी रखने की बात कही गई है।