मोगा SKM गैर-राजनीतिक मोर्चे के आव्हान पर शनिवार को BKU एकता सिद्धूपुर की ओर से अपने मांगों को लेकर पंजाब और केंद्र सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया गया। जिला डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के गेट के सामने जिला प्रधान लवजीत सिंह दद्दाहूर के नेतृत्व में किसानों ने सरकार के पुतले फूंके और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान किसान नेता लवजीत सिंह दद्दाहूर ने पंजाब सरकार पर किसानों के साथ धक्केशाही करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि किसान लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों का समाधान नहीं कर रही। दद्दाहूर ने खनौरी और शंभू मोर्चों से संबंधित सामान के नुकसान और चोरी के मामले में 3 करोड़ 77 लाख रुपये की राशि जारी करने तथा कथित तौर पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने सरकार से पांच फसलों पर MSP देने के वादे को पूरा करने की मांग भी उठाई।