आम आदमी पार्टी की ओर से 26 नवंबर 2026 को मोगा में आयोजित की जा रही खुशहाल पंजाब रैली की तैयारियों को लेकर फरीदकोट से विधायक गुरदित्त सिंह सेखों ने रैली स्थल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने तैयारियों का जायजा लेने के साथ पंजाब के लोगों से रैली में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की। विधायक सेखों ने कहा कि इस रैली के माध्यम से आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार की ओर से पिछले पांच वर्षों के दौरान किए गए विकास कार्यों और जनहित में लिए गए फैसलों का लेखा-जोखा जनता के सामने पेश किया जाएगा। इसके साथ ही आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी की भविष्य की योजनाओं और नीतियों की भी घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में आयोजित होने वाली इस रैली में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल सहित पार्टी की समूची राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय लीडरशिप शामिल होगी। विधायक ने कहा कि यह रैली पंजाब की राजनीति में अहम भूमिका निभाएगी और सरकार के कामकाज तथा भविष्य के रोडमैप को जनता के सामने रखने का मंच बनेगी।