भारत सरकार की ओर से जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की प्रक्रिया चलाई जा रही है। डिप्टी कमिश्नर दीपशिखा शर्मा ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज करवाकर इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग दें। डीसी ने बताया कि स्व-गणना के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जिले में डिजिटल वैन भी चलाई जा रही है। यह वैन विभिन्न गांवों, शहरों, ब्लॉकों और तहसीलों में पहुंचकर लोगों को इस प्रक्रिया की जानकारी दे रही है। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से लोग जनगणना कर्मचारियों का इंतजार किए बिना अपनी सुविधानुसार परिवार का विवरण ऑनलाइन भर सकते हैं। उन्होंने बताया कि स्व-गणना के लिए https://se.census.gov.in/ पोर्टल तैयार किया गया है। पोर्टल पर जानकारी भरकर जमा करवाने के बाद नागरिकों को एक विशेष स्व-गणना आईडी मिलेगी। इसे घर-घर पहुंचने वाले जनगणना कर्मचारियों को दिखाना होगा, ताकि ऑनलाइन दर्ज जानकारी का सत्यापन किया जा सके। डीसी ने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश और प्रदेश के विकास की योजनाएं बनाने, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा भविष्य की नीतियों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।