मोगा-फिरोजपुर रोड पर गांव घलकलां के पास बुधवार सुबह मिट्टी से भरे टिप्पर और स्विफ्ट कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार 35 वर्षीय संदीप सिंह निवासी शिमला पुरी, लुधियाना की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोगा के सरकारी अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद टिप्पर चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार मोगा-फिरोजपुर रोड पर सड़क निर्माण का काम चल रहा है। निर्माण कार्य के चलते सड़क के एक हिस्से को बंद किया गया था, जिसके कारण यातायात वन-वे किया गया था। इसी दौरान स्विफ्ट कार और मिट्टी से भरे टिप्पर की आमने-सामने टक्कर हो गई। थाना सदर के एसएचओ गुरतेज सिंह ने बताया कि पुलिस को सुबह सड़क हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जांच की तो स्विफ्ट कार और मिट्टी से भरे टिप्पर की टक्कर में कार चालक संदीप सिंह की मौत होने की पुष्टि हुई। टिप्पर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोगा सरकारी अस्पताल भेज दिया है। मृतक के परिवार के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।