पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बड़ा ऐलान किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने दावा किया है कि भाजपा राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। श्री आनंदपुर साहिब पहुंचे केवल सिंह ढिल्लों ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी जनता की पसंद बन चुकी है और पंजाब में अगली सरकार भाजपा की होगी। इस दौरान ढिल्लों ने नशे समेत पंजाब के प्रमुख मुद्दों पर पार्टी की प्राथमिकताओं को भी सामने रखा। उन्होंने कहा कि चुनावी घोषणापत्र तैयार करने से पहले आम लोगों से सुझाव लिए जाएंगे, ताकि जनता की अपेक्षाओं को उसमें शामिल किया जा सके। वहीं, मौजूदा पंजाब सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि जनता सरकार से परेशान हो चुकी है।