सेक्टर-26 स्थित सेक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक समारोह 'द अवेकनिंग : ए सेक्रेड सिम्फनी' का शुक्रवार को समापन हुआ। समारोह में कक्षा दो से पांच तक के विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। इस वर्ष समारोह भारत में क्लैरिस्ट फ्रांसिस्कन मिशनरीज ऑफ द मोस्ट ब्लेस्ड सैक्रामेंट के 125 वर्ष और संत फ्रांसिस ऑफ असीसी के 800वें ट्रांजिटस शताब्दी वर्ष को समर्पित रहा। विद्यार्थियों ने आकाश, वायु, अग्नि, जल और पृथ्वी पांच तत्वों को मंच पर जीवंत करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। प्रस्तुतियों में दिखाया गया कि मानव की लापरवाही और तकनीक का अनियंत्रित इस्तेमाल प्रकृति का संतुलन बिगाड़ रहा है। दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे चंडीगढ़ के स्कूल शिक्षा निदेशक नितिश सिंगला ने बच्चों को मानवता का गुण अपनाने और दूसरों के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश दिया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को पर्याप्त समय दें, उनकी बातें ध्यान से सुनें और उनकी भावनाओं को समझें। बच्चों के साथ संवाद बनाए रखना जरूरी है, ताकि पंचकूला में हुई घटना जैसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पहले दिन हरियाणा पुलिस के आईजी राकेश आर्य मुख्य अतिथि रहे। स्कूल की प्रिंसिपल रेव. सिस्टर वेनिटा जोसेफ ने अतिथियों का स्वागत किया।