पंजाब में नशे के मुद्दे को लेकर भाजपा की ओर से निकाली जा रही नशा मुक्त पंजाब यात्रा गुरुवार को फरीदकोट जिले में पहुंची। यात्रा का जिले में प्रवेश जैतो विधानसभा क्षेत्र के गांव रोड़ी कपूरा से हुआ। इसके बाद यात्रा जैतो, बाजाखाना, बरगाड़ी और कोटकपूरा से होते हुए फरीदकोट पहुंची, जहां रात्रि विश्राम किया गया। यात्रा का नेतृत्व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल ने किया। इस दौरान वरिष्ठ नेता होबी धालीवाल, प्रदेश महासचिव जीवन गर्ग, सादुलशहर के विधायक जगबीर सिंह बराड़ और जिलाध्यक्ष संदीप सिंह सन्नी बराड़ सहित पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे। मनप्रीत सिंह बादल ने कहा कि पंजाब की युवा पीढ़ी नशे की समस्या से प्रभावित है और इसे रोकना समाज के सामने बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने की स्थिति में नशे के खिलाफ काम करने के लिए ठोस रणनीति तैयार की है। इसके तहत नशे की गिरफ्त से बाहर आने वाले युवाओं के पुनर्वास, उन्हें रोजगार से जोड़ने और स्कूल स्तर पर बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जाएगा। जैतो में प्रेस वार्ता के दौरान जीवन गर्ग ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव से पहले तीन माह में नशा खत्म करने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार का कार्यकाल समाप्ति की ओर है और नशे की समस्या बनी हुई है। उन्होंने पंजाब की आर्थिक स्थिति और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। वहीं कोटकपूरा में होबी धालीवाल ने कहा कि यात्रा को लोगों का उत्साहपूर्ण समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाना है। इस मौके पर डॉ. रमनदीप सिंह, भाई राहुल सिंह सिद्धू, संदीप शर्मा, गगन सेठी, मुकेश गर्ग और मनजीत नेगी सहित अन्य नेता मौजूद रहे।