फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पटियाला की जनता ने बताए बड़े मुद्दे, नशा, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य पर जोर

Wed, 18 Nov 2026 03:00 PM IST
Chandra Prakash Neeraj Video Desk Amar Ujala Dot Com

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज होने लगी है। इसी बीच अमर उजाला के ‘क्या बोलता पंजाब’ अभियान के तहत पटियाला में विभिन्न वर्गों के लोगों से बातचीत की गई, जिसमें नशा, स्वास्थ्य, शिक्षा और बेरोजगारी जनता की सबसे बड़ी चिंताओं के रूप में सामने आए। लोगों का कहना है कि चुनावी वादों और सरकारी घोषणाओं से ज्यादा जरूरी इन समस्याओं का जमीन पर स्थायी समाधान है। पटियाला निवासी प्रोफेशनल अकाउंटेंट मुकेश कपूर ने कहा कि पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे से बचाना सबसे बड़ी चुनौती है। नशा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ नशे के आदी युवाओं के इलाज और पुनर्वास की बेहतर व्यवस्था भी जरूरी है। उन्होंने सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टर, जरूरी दवाइयां, जांच और आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि गरीब परिवारों को महंगे निजी अस्पतालों पर निर्भर न रहना पड़े। सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी सुरजीत सिंह ने युवाओं के लिए पंजाब में ही रोजगार के अवसर पैदा करने पर जोर दिया। उनका कहना है कि सरकारी भर्तियां समय पर होनी चाहिए और निजी क्षेत्र में निवेश बढ़ाकर उद्योग, कारोबार और स्वरोजगार के अवसर तैयार किए जाने चाहिए, ताकि युवाओं को मजबूरी में दूसरे राज्यों या विदेश का रुख न करना पड़े। उन्होंने सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर देने की बात कही। वहीं दुकानदार ओम प्रकाश पाहवा ने कहा कि नशे की समस्या खत्म करने के लिए पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई जरूरी है। गांवों में जागरूकता अभियान चलाने और पंचायतों, स्कूलों व धार्मिक संस्थाओं को साथ जोड़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में केवल भवन और सुविधाएं बढ़ाना पर्याप्त नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के वास्तविक शैक्षणिक स्तर और परिणामों में सुधार होना चाहिए। पटियाला की जनता का संदेश साफ है कि 2027 में आने वाली सरकार से घोषणाओं से ज्यादा ठोस काम और बुनियादी समस्याओं के समाधान की उम्मीद है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें