बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर विभिन्न सिख संगठनों की ओर से 21 अगस्त को पंजाब बंद का आह्वान किया गया है। इसी के तहत शुक्रवार सुबह अमृतसर के भंडारी पुल पर विभिन्न सिख संगठनों के कार्यकर्ता और समर्थक एकत्र हुए। संगठनों के प्रतिनिधियों ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से बातचीत की। बातचीत के बाद सिख संगठन अमृतसर बंद करवाने के लिए अलग-अलग बाजारों की ओर रवाना हो गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर नारेबाजी भी की। सिख संगठनों का कहना है कि लंबे समय से जेलों में बंद सिखों को रिहा किया जाना चाहिए और सरकार को इस मुद्दे पर तत्काल निर्णय लेना चाहिए। बंद के मद्देनजर पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।