नेपाल में कुछ दिन पहले आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने राहत सामग्री के चार ट्रक रवाना किए हैं। एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के नेतृत्व में भेजे गए इन ट्रकों में बाढ़ पीड़ितों के लिए रोजमर्रा के इस्तेमाल की जरूरी वस्तुओं के अलावा कंबल, तिरपाल, जनरेटर और सोलर लाइटें शामिल हैं। एसजीपीसी अधिकारियों के अनुसार, नेपाल में बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई परिवारों को घरों और संपत्ति का नुकसान उठाना पड़ा है। ऐसे मुश्किल समय में जरूरतमंद लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से राहत सामग्री भेजी गई है। राहत सामग्री के इस काफिले को एसजीपीसी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और सदस्यों की मौजूदगी में नेपाल के लिए रवाना किया गया। एसजीपीसी सदस्य गुरचरण सिंह ग्रेवाल और राजिंदर सिंह मेहता ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय मानवता की सेवा करना सभी की जिम्मेदारी है। एसजीपीसी पहले भी देश-विदेश में प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए राहत सामग्री भेजती रही है। उन्होंने कहा कि नेपाल के बाढ़ पीड़ितों तक जरूरी सामान पहुंचाकर उन्हें इस संकट की घड़ी में राहत देने का प्रयास किया गया है।