तरनतारन जिले की मंडियों में धान की खरीद बंद होने के कारण किसानों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। पिछले करीब 10 दिनों से खरीद प्रक्रिया ठप होने और किसानों की फसल मंडियों व खेतों में पड़ी रहने के विरोध में भारतीय किसान यूनियन एकता संघर्ष की ओर से बुधवार को डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के बाहर धान बिखेरकर रोष प्रदर्शन किया गया। किसानों ने इस कार्रवाई के जरिए सरकार और जिला प्रशासन को उनकी समस्याओं की ओर ध्यान देने का संदेश दिया। इस मौके पर यूनियन के प्रदेश महासचिव दिलबाग सिंह दराजके ने कहा कि सरकार और प्रशासन की ओर से मंडियों से धान का एक-एक दाना उठाए जाने के दावे किए जा रहे हैं, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने दावा किया कि जिले के करीब 20 प्रतिशत किसानों का धान अभी भी मंडियों और खेतों में पड़ा हुआ है। पिछले 10 दिनों से खरीद बंद होने के कारण किसान अपनी फसल बेचने के लिए परेशान हो रहे हैं।