अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने मुठभेड़ के बाद फरार अपराधी आकाशदीप सिंह उर्फ आकाश निवासी कादियां (बटाला) को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने मौके से .30 बोर की एक पिस्टल, दो चले हुए और तीन जिंदा कारतूस तथा एक एक्टिवा स्कूटर बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, खुफिया और मानवीय सूचनाओं के आधार पर की गई कार्रवाई में आकाशदीप को रोकने का प्रयास किया गया था, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मसमर्पण करने की चेतावनी के बावजूद उसने गोलीबारी जारी रखी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें वह घायल हो गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह बटाला पुलिस को भी एक मामले में वांछित था। उस पर बटाला में एक मनी एक्सचेंजर की दुकान से पिस्टल के बल पर करीब ढाई लाख रुपये लूटने का आरोप है। इस वारदात में शामिल उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आकाशदीप जेल में बंद कुख्यात अपराधी अंग्रेज सिंह उर्फ छोटू का सहयोगी था। छोटू के खिलाफ पहले से 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह कोट खालसा हत्याकांड में भी नामजद है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी छोटू को पुलिस हिरासत से छुड़ाने की योजना बना रहे थे। इसके लिए अदालत में पेशी के दौरान पुलिस टीम पर हमला करने या जन्मदिन मनाने के बहाने पुलिसकर्मियों को ढाबे पर रुकवाकर फायरिंग करने की साजिश रची गई थी। पुलिस की सतर्कता से उनकी योजना नाकाम हो गई। मामले की आगे जांच जारी है।