अटारी विधानसभा क्षेत्र के मजीठा रोड स्थित गांव पंडोरी वड़ैच में दो भाइयों के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। इस दौरान गोली लगने से एक भाई की मौत हो गई। मामले में आम आदमी पार्टी के ब्लॉक समिति सदस्य किरणप्रीत सिंह कैमी का नाम सामने आया है। उन पर अपने ही भाई को गोली मारने का आरोप लगाया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डीएसपी अटारी यादविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को 112 नंबर पर घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक को दो गोलियां लगी थीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। डीएसपी ने बताया कि पुलिस मृतक के परिवारजनों और रिश्तेदारों के बयान दर्ज कर रही है। फिलहाल मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।