फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उज्जैन: महाकाल मंदिर में चतुर्दशी से शुरू हुआ दीपोत्सव, फुलझड़ियों से हुई पांचों आरती; अन्नकूट का लगा भोग

Sun, 08 Nov 2026 08:13 AM IST
उज्जैन ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन

देशभर में दीपावली का उत्सव अमावस्या के दिन मनाया जाता है, लेकिन उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में दीपोत्सव की शुरुआत रूप चतुर्दशी से ही हो गई। द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल राजाधिराज महाकाल के दरबार में तड़के चार बजे भस्म आरती के साथ दीपावली की विशेष परंपराएं निभाई गईं। भगवान का सुगंधित द्रव्यों से अभ्यंग स्नान कराया गया और सोने-चांदी के आभूषणों से राजसी श्रृंगार किया गया। मंदिर की खास परंपरा के अनुसार दिनभर की पांचों आरतियों में फुलझड़ियां जलाकर बाबा की आरती उतारी गई। इस दौरान मंदिर परिसर दीपों और रोशनी से जगमगा उठा।

रूप चतुर्दशी पर तड़के चार बजे खुले मंदिर के पट
महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा के अनुसार, रूप चतुर्दशी के अवसर पर तड़के चार बजे मंदिर के पट खोले गए। इसके बाद भगवान महाकाल का विशेष अभ्यंग स्नान कराया गया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और पुजारियों के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।

परंपरा के अनुसार, स्नान से पहले भगवान को तिल के तेल से मालिश की गई। इसके बाद पुजारी परिवार की महिलाओं ने केसर, चंदन, इत्र, खस और सफेद तिल से तैयार विशेष उबटन भगवान को लगाया। गर्म जल और सुगंधित द्रव्यों से स्नान कराने के बाद बाबा का विशेष श्रृंगार किया गया।

सोने-चांदी के आभूषणों से हुआ राजसी श्रृंगार
अभ्यंग स्नान के बाद भगवान महाकाल को दिव्य वस्त्र धारण कराए गए। सोने-चांदी के आभूषणों से उनका मनोहारी राजसी श्रृंगार किया गया। दीपावली के अवसर पर बाबा के इस विशेष स्वरूप के दर्शन के लिए मंदिर में भक्तिमय माहौल रहा।

पांचों आरतियों में फुलझड़ियों से हुई आरती
महाकाल मंदिर में दीपावली की सबसे खास परंपरा फुलझड़ियों से आरती करने की है। पंडित महेश शर्मा ने बताया कि तड़के भस्म आरती से लेकर रात की शयन आरती तक दिनभर होने वाली सभी पांचों आरतियों में गर्भगृह के भीतर फुलझड़ियां जलाकर भगवान की आरती की गई। दीपों और आतिशबाजी की रोशनी से महाकाल का दरबार जगमगा उठा। मंदिर की यह परंपरा दीपावली के उत्सव को विशेष और आकर्षक बनाती है।

गुजिया, खीर-पूड़ी और पारंपरिक पकवानों का अन्नकूट
दीपावली के अवसर पर भगवान महाकाल को पारंपरिक व्यंजनों का महाभोग अर्पित किया गया। अन्नकूट में गुजिया, पपड़ी, शकरपारे, खुरमे और खीर-पूड़ी जैसे पकवान शामिल रहे। इसके अलावा मौसमी सब्जियों, दाल-चावल, बैंगन और मूली का भोग भी लगाया गया। पारंपरिक पकवानों से सजे अन्नकूट के माध्यम से मंदिर में दीपावली की धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया गया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें