जिले के भीकनगांव थाना क्षेत्र के ग्राम शकरखेड़ी में पारिवारिक विवाद के चलते एक भाई ने अपने ही भाई की लाठी से पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने घर के अंदर गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया। इतना ही नहीं, घर में मौजूद बच्चों को घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने आरोपी पूनम बारे (32) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर को सूचना मिली थी कि पूनम ने अपने भाई संतोष बारे की हत्या कर शव घर में गाड़ दिया है। जांच में सामने आया कि 5 नवंबर को संतोष का अपनी मां से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान गुस्से में आए पूनम ने संतोष के सिर, हाथ और पैरों पर लाठी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल संतोष को आरोपी घर के अंदर लिटाकर चला गया। अगले दिन सुबह उसने देखा कि संतोष की मौत हो चुकी है।
ये भी पढ़ें- दो पक्षों में खूनी संघर्ष, पथराव और फायरिंग में 26 घायल; 39 लोगों पर केस
इसके बाद आरोपी ने घर के अंदर गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया और बच्चों को किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसमें उसने हत्या और शव दफनाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लाठी जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2024 में भी मारपीट और लड़ाई-झगड़े का मामला दर्ज था। कार्रवाई एसडीओपी केतन अडलक के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी बलराम सिंह राठौर के नेतृत्व में भीकनगांव थाना एवं बमनाला चौकी की टीम ने की।