दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत जबलपुर नाका चौकी के समन्ना में बीच सड़क पर एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति सड़क पर गिरे युवक पर लगातार लाठियां बरसाता दिखाई दे रहा है। युवक खुद को बचाने का प्रयास करता रहा, लेकिन आरोपी गाली-गलौज करते हुए उस पर हमला करता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, समन्ना निवासी छोटे लाल काछी पूर्व में चोरी के एक मामले में जेल गए थे। जेल से छूटने के बाद मंगलवार सुबह वह घर से घूमने के लिए निकले थे। इसी दौरान समन्ना के तिरगड्डा बायपास पर साहब लाल पटेल ने कथित तौर पर पीछे से उन पर लाठी से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से छोटे लाल सड़क पर गिर गए। इसके बाद आरोपी ने उनके पैरों पर लगातार लाठियों से वार किए। मारपीट में छोटे लाल के पैरों में गंभीर चोटें आईं।
करीब 30 मिनट तक मारपीट का आरोप, वीडियो भी हुआ वायरल
बताया जा रहा है कि मारपीट की घटना करीब 30 मिनट तक चलती रही। इस दौरान मौके से लोगों की आवाजाही भी जारी रही। वायरल वीडियो में आरोपी युवक के साथ मारपीट करते हुए चोरी के मामले में झूठा फंसाए जाने का आरोप लगाता दिखाई दे रहा है। वहीं, पीड़ित खुद को बचाने और आरोपी को रोकने का प्रयास करता नजर आ रहा है। मंगलवार सुबह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
पढे़ं: 3 हजार 288 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी, 18 नवंबर को गांधी सागर में होगी कैबिनेट
चोरी के मामले में आरोपी की संलिप्तता का भी दावा
घायल छोटे लाल काछी का कहना है कि चोरी के जिस मामले में वह जेल गए थे, उसमें साहब लाल पटेल भी शामिल था। उनके अनुसार, साहब लाल के खिलाफ भी इस मामले में प्रकरण दर्ज है और उसके विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना बाकी है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, गिरफ्तारी के प्रयास शुरू
घटना के संबंध में घायल छोटे लाल काछी और देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय से बातचीत की गई। थाना प्रभारी ने बताया कि मारपीट के मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। घायल के बयान दर्ज किए गए हैं और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास भी शुरू कर दिए हैं। अब बड़ा सवाल यह है कि बीच सड़क पर इतनी देर तक हुई मारपीट के मामले में पुलिस आरोपी को कब तक गिरफ्तार कर पाती है। वायरल वीडियो और घायल के बयानों के आधार पर पुलिस की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।