फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दमोह में गोवंश के अवशेष मिलने से तनाव: प्रदर्शन के बाद 10 मकानों पर चला बुलडोजर; चार पर एफआईआर, दो गिरफ्तार

Sun, 04 Oct 2026 11:28 AM IST
दमोह ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह

दमोह शहर के नूरी नगर-सिताबावरी (बजरिया सात) क्षेत्र में शनिवार सुबह गोवंश के अवशेष मिलने के बाद तनाव की स्थिति बन गई। घटना की जानकारी मिलते ही गौसेवक और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर घंटाघर पर प्रदर्शन किया। व्यापारी महासंघ के समर्थन के बाद आसपास का बाजार भी बंद रहा। प्रदर्शन और बढ़ते तनाव के बीच पुलिस-प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी। शाम को सागर से दमोह पहुंचे सागर रेंज के डीआईजी शशिंद्र सिंह चौहान ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद नूरी नगर से कसाई मंडी तक बैरिकेडिंग कर संयुक्त टीम ने चिन्हित अतिक्रमणों और निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों के अनुसार, करीब 10 मकानों को जेसीबी की मदद से हटाया गया।

सुबह गोवंश के अवशेष मिलने से मचा हड़कंप
शनिवार सुबह नूरी नगर-सिताबावरी क्षेत्र के खुले मैदान में गोवंश के अवशेष मिलने की सूचना सामने आई। विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अजय खत्री के अनुसार, मौके पर एक गाय को बचाया गया, जबकि एक गर्भवती गाय के अवशेष और उसके बच्चे का शव मिला। घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में गौसेवक और हिंदू संगठनों के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। इसके बाद प्रदर्शनकारी घंटाघर पहुंचे, जहां हनुमान चालीसा का पाठ कर विरोध जताया गया।

व्यापारी महासंघ के समर्थन से बंद रहा बाजार
घटना के विरोध में घंटाघर और आसपास के बाजार में दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की गई। व्यापारी महासंघ के समर्थन के बाद कई व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई और अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।

डीआईजी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
मामले की गंभीरता को देखते हुए सागर रेंज के डीआईजी शशिंद्र सिंह चौहान शनिवार शाम दमोह पहुंचे। उन्होंने सीताबावरी, नूरी नगर और कसाई मंडी क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों से घटनाक्रम की जानकारी लेने के बाद उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी और चिन्हित अतिक्रमण हटाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। डीआईजी के निर्देश के बाद पुलिस, नगर पालिका और बिजली विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई शुरू की।

नूरी नगर से कसाई मंडी तक बैरिकेडिंग
शाम करीब छह बजे के बाद प्रशासन ने नूरी नगर से कसाई मंडी क्षेत्र तक बैरिकेडिंग कर रास्तों की घेराबंदी की। इसके बाद चिन्हित स्थानों पर जेसीबी पहुंचाई गई। अधिकारियों के मुताबिक, तहसील स्तर पर पहले से चिन्हित अतिक्रमणों के आधार पर कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान करीब 10 मकानों और निर्माणों को जेसीबी की मदद से हटाया गया। साथ ही अवैध अतिक्रमण और बिजली के अनधिकृत कनेक्शनों को हटाने की कार्रवाई भी की गई।

चार आरोपियों पर नामजद एफआईआर, दो गिरफ्तार
गोवंश हत्या के मामले में पुलिस ने चार मुख्य आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, इनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना में आरोपियों का किसी अन्य व्यक्ति ने सहयोग किया था या नहीं। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें-  उज्जैन शाही मस्जिद विवाद में सियासी हलचल तेज: आरिफ मसूद ने कलेक्टर-एसपी से की मुलाकात, बोले- मीनार कैसे गिरा?

कलेक्टर के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन
घटना के बाद प्रदर्शन कर रहे लोगों से कलेक्टर प्रताप नारायण यादव और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया ने चर्चा की। कलेक्टर ने कसाई मंडी क्षेत्र में चिह्नित अतिक्रमणों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका सीएमओ को मौके पर बुलाकर चिह्नित अतिक्रमण हटाने और खुले में मांस बिक्री करने वाली दुकानों के संबंध में भी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही कसाई मंडी चौकी प्रभारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। प्रशासन की ओर से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया।

भगवत कथा के दौरान भी उठा मामला
घटना को लेकर घंटाघर स्थित श्री देव जानकी रमण बूंदाबहु मंदिर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान व्यास पीठासीन महाराज रसराज दास जी ने भी विरोध जताया। उन्होंने घटना पर नाराजगी व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और लोगों से एकजुट रहने की अपील की।

विहिप ने प्रशासन पर लगाए लापरवाही के आरोप
विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अजय खत्री ने आरोप लगाया कि दमोह में गोवंश हत्या की घटनाओं को लेकर प्रशासन को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में पहले भी ऐसी घटना सामने आई थी, उसके करीब 200 मीटर दूर दोबारा अवशेष मिलने से लोगों में आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन से फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।

बड़ी संख्या में अधिकारी रहे मौजूद
संयुक्त कार्रवाई के दौरान पथरिया एसडीएम निकेत चौरसिया, सीएसपी एचआर पांडे, कोतवाली टीआई मनीष कुमार, सीएमओ राजेंद्र सिंह लोधी सहित पुलिस, प्रशासन, नगर पालिका और बिजली विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रशासन ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कायम रखी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें