भिंड जिले में बिजली विभाग के एक अधिकारी पर महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। शहर की अग्रवाल कॉलोनी में रहने वाली एक महिला ने विद्युत विभाग के विजिलेंस में पदस्थ उप महाप्रबंधक (डीजीएम) नितिन डोगरे पर नहाते समय उसका कथित तौर पर वीडियो बनाने और विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने डीजीएम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, नितिन डोगरे भिंड शहर की अग्रवाल कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे। इसी मकान में एक महिला भी किराए से रहती थी। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब वह बाथरूम में नहा रही थी, उस दौरान उसका कथित तौर पर वीडियो बनाया जा रहा था। महिला के मुताबिक, उसे जब इस बात का पता चला तो उसने इसका विरोध किया।
ये भी पढ़ें-अफसरों की चूक: जिन ईवीएम के चोरी होने की लिखाई गई थी रिपोर्ट, उनका राज सरकारी फाइलों में था बंद; जानें मामला
आरोप है कि महिला के विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। घटना के बाद महिला ने पुलिस को सूचना दी और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और डीजीएम नितिन डोगरे को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि महिला द्वारा लगाए गए वीडियो बनाने के आरोपों में कितनी सच्चाई है और कथित मारपीट की घटना किन परिस्थितियों में हुई।
जांच के दौरान पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच कर सकती है। कथित वीडियो के संबंध में भी पुलिस तथ्यों को जुटा रही है। इसके अलावा पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर घटनाक्रम की पूरी कड़ी समझने का प्रयास कर रही है। फिलहाल आरोपी डीजीएम पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
इस पूरे मामले में पुलिस की जांच अहम मानी जा रही है, क्योंकि आरोप एक सरकारी विभाग में पदस्थ अधिकारी पर लगे हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ और क्या महिला के आरोपों के समर्थन में कोई ठोस साक्ष्य मौजूद हैं।