न्यू सिल्क इंडिया की ओर से कैसरबाग स्थित सफेद बारादरी परिसर में उड़ीसा आर्ट एंड क्राफ्ट की दस दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। प्रदर्शनी में लखनऊ और बनारस के साथ ही उड़ीसा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और कर्नाटक समेत कई राज्यों से दुकानदार पहुंचे हैं। यहां विभिन्न राज्यों की पारंपरिक कला और हस्तशिल्प से जुड़ी वस्तुओं के स्टॉल लगाए गए हैं। प्रदर्शनी में साड़ी, सूट, कुर्ता और चादर समेत कई तरह के पारंपरिक परिधान बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। अलग-अलग राज्यों की खास कारीगरी और डिजाइनों के परिधान लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। प्रदर्शनी में खरीदारी के लिए शहर के विभिन्न इलाकों से लोग पहुंच रहे हैं। आयोजकों के मुताबिक, प्रदर्शनी का उद्देश्य लोगों को देश के अलग-अलग हिस्सों की पारंपरिक कला, संस्कृति और हस्तशिल्प से परिचित कराना है।