रायबरेली से लखनऊ आ रही टाटा टिगोर कार शनिवार देर रात ओमेक्स कट के आगे अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार दूसरी लेन में पलटते हुए चली गई। हादसे में कार चालक उत्कर्ष पांडेय (26) की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में कुल पांच लोग सवार थे। हादसे के बाद घायलों को एंबुलेंस की मदद से ट्रामा सेंटर भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने चालक उत्कर्ष पांडेय, पुत्र मनोज पांडेय, को मृत घोषित कर दिया। अन्य चार घायलों का उपचार चल रहा था। बाद में सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन घायलों को कमता स्थित यस अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की पहचान अनुराग शुक्ला (21), पुत्र भोलू शुक्ला, अर्पित त्रिपाठी (24), पुत्र श्यामू त्रिपाठी, नीर शुक्ला (24), पुत्र भोलू शुक्ला और सूरज त्रिपाठी (19), पुत्र रामू त्रिपाठी के रूप में हुई है। सभी रायबरेली के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के भइया रायपुर के निवासी हैं।