पीजीआई थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली 70 वर्षीय महिला से स्कूटी सवार बदमाश सोने की चेन लूटकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राजीव नगर घोसियाना निवासी रंजीत सिंह के मुताबिक, उनकी मां कल्पना सुबह करीब साढ़े पांच बजे घर के पास टहल रही थीं। इसी दौरान स्कूटी से आए एक युवक ने उनके गले से सोने की चेन खींच ली और कॉल्विन स्कूल की ओर भाग गया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इंस्पेक्टर सुनील सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर मंगलवार रात मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाश की तलाश की जा रही है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।