अयोध्या के कंदैला गोलीकांड में घायल पार्वती देवी की मंगलवार को केजीएमयू में इलाज के दौरान मौत हो गई। 25 अगस्त को हुई फायरिंग में वह गंभीर रूप से घायल हुई थीं। हालत बिगड़ने पर उन्हें अयोध्या से लखनऊ रेफर किया गया था। इससे पहले उनके बेटे राम लगन मौर्य की भी मौत हो चुकी है। मां-बेटे की मौत की सूचना के बाद मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे बड़ी संख्या में लोग लखनऊ स्थित मोर्चरी पहुंच गए। यहां लोगों ने हंगामा करते हुए फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। स्वामी प्रसाद मौर्य भी समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। शव ले जाने वाली गाड़ी को रोक दिया गया। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। काफी देर तक मोर्चरी परिसर में गहमागहमी बनी रही।