(मोहनलालगंज)। दिनदहाड़े बंद मकानों को निशाना बनाकर लाखों के जेवरात उड़ाने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के तीन शातिर चोरों को मोहनलालगंज पुलिस और सर्विलांस टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 18 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, चोरी की सुपर स्प्लेंडर बाइक और लोहे की रॉड बरामद हुई है। पुलिस ने मोहनलालगंज, पीजीआई और ठाकुरगंज क्षेत्र में हुई चोरी की आठ वारदातों का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बहराइच के दरगाह शरीफ निवासी बाबू (25), आशिक अली (25) और उन्नाव के दही निवासी शीबू (35) के रूप में हुई है। मोहनलालगंज क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक के निर्देश पर सर्विलांस सेल समेत सात पुलिस टीमों को लगाया गया था। टीमों ने करीब 140 से 145 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कपड़े देखकर पहचानते थे बंद मकान डीसीपी दक्षिणी के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिन में गली-मोहल्लों में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे। जिन घरों के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा होता था और छत या आंगन में कपड़े सूखते दिखाई देते थे, उन्हें निशाना बनाने के लिए चिह्नित कर लेते थे। कपड़ों को देखकर वे अंदाजा लगाते थे कि घर के सदस्य शाम तक लौटेंगे। इसके बाद मौका पाकर ताला तोड़कर घर में घुसते और सोने-चांदी के जेवरात समेटकर फरार हो जाते थे। आसपास के लोगों को शक न हो, इसलिए बाहर निकलते समय मकान का गेट भी बंद कर देते थे।