आईआईएम रोड स्थित अजीज नगर चौकी के पास इंद्रपुरी कॉलोनी में शनिवार रात करीब 11:30 बजे पुरानी दीवार जोरदार आवाज के साथ ढह गई। करीब 400 मीटर लंबी और 12 फीट ऊंची दीवार गिरने से उसके पास खड़े करीब एक दर्जन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में परवीन, एक निजी होम लोन कंपनी एरिया मैनेजर विवेक सिन्हा, विकास बाला जी, फरहद घायल हो गए। दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर स्थानीय निवासी संदीप तिवारी, ज्ञान शुक्ला, फहीम, किशन गुज्जर, शुभम तिवारी, अमित शुक्ला, जावेद, प्रेम भाग कर मौके पर पहुंचे और घायलों को मलबे से निकालकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां परवीन को छोड़कर अन्य दो को प्रथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के समय सड़क पर ज्यादा भीड़ नहीं थी। इस वजह से बड़ा हादसा टल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सड़क पर बिखरे मलबे को हटवाकर रास्ता साफ कराया। दीवार इतनी लंबी थी कि उसके गिरने से आसपास खड़े कई वाहनों को नुकसान पहुंचा। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि यह प्लॉट सुल्तानपुर रोड निवासी मनोज अग्रवाल का है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।