युवा संगठन ‘जस्टिस मोर्चा’ के बैनर तले निकाली गई ‘जेन-जी कनेक्ट यात्रा’ चौरी-चौरा से शुरू होकर 30 सितंबर को लखनऊ पहुंची। प्रदेश के विभिन्न जिलों से होते हुए यात्रा गोरखपुर, बलिया, वाराणसी और प्रयागराज पहुंची। लखनऊ में यह यात्रा तेलीबाग, केकेसी तिराहा, हजरतगंज और लखनऊ विश्वविद्यालय होते हुए काकोरी तक निकाली गई। यात्रा के माध्यम से युवाओं ने रोजगार और शिक्षा से जुड़ी 10 सूत्रीय मांगें उठाईं। इनमें हर साल वार्षिक भर्ती कैलेंडर जारी करने, खाली पड़े सरकारी पदों को तत्काल भरने और रुकी हुई नियुक्तियों को शुरू करने की मांग प्रमुख रही। युवाओं ने परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, नॉर्मलाइजेशन खत्म करने, एनटीए को भंग करने और नई शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 को वापस लेने की मांग भी की। इसके अलावा ठेका-संविदा प्रथा खत्म कर समान काम के लिए समान वेतन, पेपर लीक के खिलाफ आंदोलनों में शामिल छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और फीस नियंत्रण की मांग उठाई गई।