हजरतगंज स्थित प्रेस क्लब में ‘लोकमाता रानी अहिल्याबाई विचार मंच’ एवं ‘राष्ट्रीय सामाजिक न्याय केंद्र’ के तत्वावधान में प्रेस वार्ता और संगोष्ठी आयोजित की गई। अध्यक्ष आरडी पाल ने आरक्षण में वर्गीकरण और इसकी समीक्षा की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने जस्टिस रोहिणी आयोग और जस्टिस राघवेंद्र सिंह आयोग की सिफारिशों को लागू करने की मांग उठाई। संगठन की ओर से मुख्यमंत्री को पांच सूत्रीय मांग पत्र भेजा गया। इसमें बिहार की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में ‘जननायक कर्पूरी ठाकुर आरक्षण मॉडल’ लागू करने, त्रिस्तरीय पंचायत और नगर निकाय चुनावों में अति पिछड़ा वर्ग को आरक्षण देने तथा बैकलॉग कोटा जल्द भरने की मांग की गई। पदाधिकारियों ने सामाजिक न्याय के लिए इन मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।