लखनऊ। काकोरी के दोना गांव के पास मंगलवार शाम आम के पेड़ की कटान के दौरान भारी डाल गिरने से मजदूर अनूप कुमार रावत (30) की मौत हो गई। हादसे के समय अनूप अपने पिता और चार भाइयों के साथ मजदूरी कर रहे थे। गंभीर रूप से घायल अनूप को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।शाहपुर गांव निवासी अनूप मंगलवार सुबह करीब 30 मजदूरों के साथ आम की बाग में पेड़ काटने गए थे। बताया गया कि शाम को बाग का अंतिम पेड़ काटते समय उसकी भारी डाल अनूप के ऊपर गिर गई और वह दब गए। साथी मजदूरों ने उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।परिजनों ने काम करा रहे पांच ठेकेदारों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। भाई नंदन रावत ने हरे-भरे पेड़ों की कटान और कार्य में अनियमितता का भी आरोप लगाया है। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने भी वरुण विहार योजना के तहत कराए जा रहे कार्यों पर सवाल उठाए हैं। इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसीपी शकील अहमद के अनुसार जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।अनूप के परिवार में पत्नी रेखा और इकलौता बेटा कार्तिक हैं। सुबह पिता और चार भाइयों के साथ मजदूरी करने निकले अनूप के घर शाम तक मातम पसर गया। पत्नी और मासूम बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है।