लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रो. रणवीर सिंह बिष्ट छात्रावास की फीस 5400 रुपये से बढ़ाकर 27 हजार रुपये किए जाने के विरोध में छात्र कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। छात्र कुलपति कार्यालय का घेराव भी कर चुके हैं और फीस वृद्धि वापस लेने की मांग कर रहे हैं। हालांकि, अमर उजाला की पड़ताल में सामने आया है कि जिस हॉस्टल की फीस को लेकर छात्र आंदोलन कर रहे हैं, उसमें अभी तक एक भी छात्र को आवंटन नहीं हुआ है। हॉस्टल में फिलहाल कोई छात्र नहीं है। ऐसे में फीस वृद्धि को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि बिना हॉस्टल आवंटन के छात्र किस आधार पर शुल्क वृद्धि का विरोध कर रहे हैं।