नवाब वाजिद अली शाह प्राणी उद्यान ने रविवार को अपने गौरवशाली सफर के 105 वर्ष पूरे कर लिए। इस खास अवसर पर प्राणी उद्यान में स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत निदेशक संजय कुमार बिस्वाल ने केक काटकर की। इस दौरान प्राणी उद्यान के पशु चिकित्सक डॉ. अशोक कश्यप ने जानवरों के स्वभाव, उनकी आदतों और व्यवहार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि अलग-अलग प्रजातियों के जानवरों का स्वभाव और व्यवहार भी अलग होता है। इसके साथ ही निदेशक संजय कुमार बिस्वाल ने प्राणी उद्यान की वार्षिक रिपोर्ट का विमोचन किया। इसमें प्राणी उद्यान की गतिविधियों और उपलब्धियों को शामिल किया गया है। स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के विजेताओं और महिला रेस में बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्राणी उद्यान के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।