राजधानी लखनऊ में जानकीपुरम विस्तार की नहर रोड स्थित नागेश्वरनाथ कॉलोनी में शुक्रवार रात चोरों ने परिवहन विभाग के ट्रैफिक इंस्पेक्टर के घर समेत तीन जगह चोरी की। चोर ट्रैफिक इंस्पेक्टर के घर से करीब छह लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 60 हजार रुपये नकद ले गए। बिजली विभाग के ठेकेदार के गोदाम से मजदूर का मोबाइल और हेडफोन चोरी कर लिया। वहीं, एक बंद मकान का ताला तोड़कर भी चोर अंदर घुसे, लेकिन वहां उन्हें कुछ नहीं मिला। सीसीटीवी फुटेज में दो चोर दिखाई दिए हैं। इनमें एक चोर चोरी किया हुआ हेडफोन कान में लगाकर और टोपी पहनकर जाते नजर आया। नागेश्वरनाथ कॉलोनी निवासी परिवहन विभाग में ट्रैफिक इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार पत्नी विमला भारती और बेटियों राशी व कृष्टी के साथ रहते हैं। वीरेंद्र कुमार इन दिनों गोरखपुर गए हुए हैं। पत्नी विमला के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे सभी लोग सो गए थे। रात करीब तीन बजे उनकी नींद खुली। बरामदे की लाइट जलती देखकर वह बाहर आईं तो मुख्य दरवाजा खुला मिला। दूसरे कमरे में रखी अलमारी का लॉकर टूटा था और सामान बिखरा पड़ा था। विमला ने घटना की जानकारी पति को दी। उनके मुताबिक बच्चों की फीस और बीमा की किस्त जमा करने के लिए रखे करीब 60 हजार रुपये नकद और करीब छह लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हुए हैं। चोरों ने पास ही बिजली विभाग के ठेकेदार के गोदाम को भी निशाना बनाया। बाउंड्री फांदकर अंदर घुसे चोरों ने वहां सो रहे मजदूर सर्वेश का मोबाइल और कुशल का हेडफोन चोरी कर लिया। सीसीटीवी फुटेज में एक चोर यही हेडफोन कान में लगाकर और टोपी पहने जाते दिखाई दे रहा है। इसके बाद चोरों ने अनुपमा सिंह के घर के सामने बंद पड़े दूसरे मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। हालांकि, वहां उन्हें कुछ नहीं मिला। एक ही रात तीन जगह चोरी की घटना से कॉलोनी के लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय निवासी व कारोबारी वरुण तिवारी, हेमलता त्रिपाठी और अनुपमा सिंह आदि ने इलाके में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर नाराजगी जताई है। इंस्पेक्टर जानकीपुरम विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।