भारत और वेस्टइंडीज के बीच 6 अक्तूबर को इकाना स्टेडियम में होने वाले टी-20 मुकाबले के लिए तैयारियां हो रही हैं। इस मैच को लेकर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) की ओर से टिकटों की दरों की घोषणा कर दी गई है। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता और मंच पर उपस्थित अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि दर्शकों के लिए कुल 11 श्रेणियों में टिकट उपलब्ध कराए गए हैं। शुरुआती टिकट की कीमत 399 रुपये रखी गई है, जबकि सबसे महंगी साउथ गैलरी लाउंज की टिकट 13,500 रुपये तक होगी। इसके अलावा अन्य स्टैंड्स के लिए टिकटों की दरें 449, 699, 899, 999 से लेकर 9400 रुपये तक निर्धारित की गई हैं। सभी टिकटों की कीमतें जीएसटी (GST) सहित हैं। बताया गया कि भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर होंगे। टीम में अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा और यूपी के स्पिनर कुलदीप यादव जैसे स्टार खिलाड़ी शामिल रहेंगे। इसके साथ ही मयंक यादव और प्रिंस यादव भी मैदान में दिखाई देंगे। आयोजकों ने प्रशंसकों से अधिक से अधिक संख्या में स्टेडियम पहुंचकर इस मुकाबले का आनंद उठाने की अपील की है।