फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रतिमा विसर्जन और दशहरा पर शहर में ट्रैफिक डायवर्जन, 2500 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा

अमर उजाला ब्यूरो झांसी। शारदीय नवरात्र की प्रतिमा विसर्जन यात्राओं और विजयदशमी पर रावण दहन कार्यक्रम को देखते हुए मंगलवार को महानगर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पुराने शहर के कई प्रमुख मार्गों पर तीन और चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए करीब 2500 पुलिसकर्मियों और पीएसी बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। पुलिस ने लोगों से निर्धारित डायवर्जन का पालन करने की अपील की है। क्षेत्राधिकारी यातायात मुकेश कुमार सिंह के मुताबिक, प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। मंगलवार सुबह से विसर्जन प्रक्रिया समाप्त होने तक संबंधित मार्गों पर प्रतिबंध प्रभावी रहेंगे। वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों से निकाला जाएगा। इन रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन खंडेराव गेट: यहां से कोतवाली की ओर तीन और चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सर्राफा बाजार/गंधीघर का टपरा: मुरली मनोहर मंदिर की ओर तीन और चार पहिया वाहन नहीं जा सकेंगे। इन्हें दाहिनी ओर डायवर्ट किया जाएगा। मिनर्वा चौराहा: यहां से कोतवाली की ओर तीन और चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सिंधी तिराहा: मानिक चौक और जवाहर चौक की ओर वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। मुरली मनोहर मंदिर: यहां से लक्ष्मी गेट की ओर जाने वाले दो, तीन और चार पहिया वाहनों को घास मंडी तिराहे से सागर गेट की ओर डायवर्ट किया जाएगा। लक्ष्मी गेट: यहां से मुरली मनोहर मंदिर की ओर सभी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। शांति भवन तिराहा: यहां से लक्ष्मी गेट की ओर तीन और चार पहिया वाहन नहीं जा सकेंगे। लक्ष्मी ताल पर प्रवेश और निकास के अलग रास्ते प्रतिमाओं के लक्ष्मी गेट पहुंचने के बाद डीजे और श्रद्धालुओं के समूह को शांति भवन की ओर डायवर्ट किया जाएगा। प्रतिमाओं को लक्ष्मी ताल की ओर भेजा जाएगा, ताकि विसर्जन स्थल पर भीड़ का दबाव न बढ़े। काली माता तिराहे से प्रतिमाएं बाईं ओर से लक्ष्मी ताल की तरफ प्रवेश करेंगी। विसर्जन के बाद श्रद्धालुओं को दाईं ओर से बाहर निकाला जाएगा। व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा। क्राफ्ट मेला मैदान जाने वाले मार्गों पर भी प्रतिबंध दशहरा कार्यक्रम को देखते हुए क्राफ्ट मेला मैदान की ओर जाने वाले रास्तों पर भी यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। झलकारी बाई तिराहा: यहां से किला मार्ग पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मिनर्वा चौराहा: यहां से किला मार्ग पर वाहन नहीं जा सकेंगे। झरना गेट: यहां से क्राफ्ट मेला मैदान की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। विपिन रावत पार्क कट: यहां से दीनदयाल सभागार की ओर वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। 2500 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा, ड्रोन से निगरानी दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और विजयदशमी पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। एसएसपी विकास कुमार ने बताया कि पर्व के दौरान करीब 2500 पुलिसकर्मियों और पीएसी बल की तैनाती की गई है। भीड़भाड़ वाले इलाकों और विसर्जन मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। छतों पर भी सुरक्षाकर्मियों की तैनाती रहेगी। पुलिस सोशल मीडिया पर भी निगरानी कर रही है, ताकि शरारती तत्वों पर नजर रखी जा सके। विसर्जन स्थलों पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग रास्ते बनाए गए हैं। क्राफ्ट मेला मैदान, सदर बाजार और प्रेमनगर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। दमकल गाड़ियों को भी मुस्तैद किया गया है। सोमवार देर रात पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कोतवाली, नवाबाद और प्रेमनगर क्षेत्रों में पैदल मार्च किया। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। विसर्जन मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और बिजली के तारों से संबंधित व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। सीओ सदर सिमरन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रावण दहन स्थल के आसपास की व्यवस्थाएं देखीं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें