संवाद न्यूज एजेंसी ललितपुर। शहर के महावीरपुरा मोहल्ले में छोटे जीजीआईसी स्कूल के सामने स्थित नरेश शुक्ला के खाली मकान में रविवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग से मकान के अंदर रखा लकड़ी का फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान जल गया। सूचना पर पहुंची फायर सर्विस की टीम ने आग पर काबू पाया। मोहल्ले के लोगों ने मकान से धुआं उठता देखा तो आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद फायर सर्विस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने पानी डालकर आग बुझाई। बताया गया कि मकान मालिक नरेश शुक्ला दो दिन पहले ही मकान में ताला लगाकर बाहर गए हुए हैं। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।