अमर उजाला ब्यूरो झांसी। अमर उजाला की ओर से सूरज प्रसाद राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एएसपी सिमरन ने छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया। उन्होंने छात्राओं को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने की अपील की। एएसपी ने छात्राओं को साइबर अपराध की स्थिति में इस्तेमाल किए जाने वाले हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अनजान लिंक पर क्लिक करने, ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा करने से बचना चाहिए। सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय भी सावधानी बरतने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने साइबर अपराध, सोशल मीडिया और सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे। एएसपी सिमरन ने छात्राओं के सवालों के जवाब देते हुए उनकी शंकाओं का समाधान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि होने पर तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दें।