संवाद न्यूज एजेंसी झांसी। झांसी विकास प्राधिकरण की ओर से विकसित बेतवा विहार आवासीय योजना की व्यवस्थाओं में जल्द सुधार होगा। मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने शुक्रवार को बेतवा विहार का स्थलीय निरीक्षण कर साफ-सफाई, जल निकासी, पार्क, विद्युत व्यवस्था, सड़क समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने कॉलोनी में रह रहे नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विकास एवं अनुरक्षण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी तरह की लापरवाही न बरतने और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने कहा कि बेतवा विहार में आवश्यक कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। साफ-सफाई, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि आवासीय क्षेत्र में स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण बना रहे। उन्होंने अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण करने तथा विकास कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सचिव झांसी विकास प्राधिकरण, अधिशासी अभियंता झांसी विकास प्राधिकरण, अधिशासी अभियंता जल निगम नगरीय समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।