संवाद न्यूज एजेंसी ललितपुर। नवरात्र के अवसर पर चंडीपीठ धाम में माता रानी के नौ स्वरूपों की भव्य आरती की गई। महामंडलेश्वर चंद्रेश्वर गिरी महाराज ने दुर्गा चालीसा का पाठ करने के बाद रात करीब 8:30 बजे आरती शुरू की। इस दौरान माता रानी के जयकारों से धाम का प्रांगण गूंज उठा। आरती में जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश निरंजन, जिलाधिकारी सत्यप्रकाश, एसडीएम हेमंत पटेल, भाजपा के प्रदेश मंत्री अनिल यादव, जेल अधीक्षक, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप चौबे, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ज्योति यादव, नीलू तिवारी और हीरानंद महाराज सहित कई प्रमुख लोगों ने हिस्सा लिया। सभी ने माता रानी की आरती कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी सत्यप्रकाश ने जनपदवासियों को नवमी और दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं। नवरात्र के अंतिम दिनों में चंडीपीठ धाम में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।