फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सेंट्रल दिल्ली में आज 35 से अधिक रास्तों पर रहेगा डायवर्जन, देखें ट्रैफिक एडवाइजरी

वीडियो डेस्क अमर उजाला डॉट कॉम Updated Wed, 02 Sep 2026 06:30 AM IST

दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 से पहले सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को परखने के लिए 2 सितंबर को मोटरकेड रिहर्सल आयोजित की जा रही है। इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध, डायवर्जन और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने संबंधी विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। अधिकारियों के मुताबिक मोटरकेड रिहर्सल सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगी। इस दौरान करीब 22 डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं और 35 से अधिक महत्वपूर्ण सड़कों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना है। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की पहले से योजना बनाएं, निर्धारित समय के दौरान प्रभावित मार्गों पर जाने से बचें और संभव हो तो वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। विदेश मंत्रालय के अनुसार, 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर 2026 को नई दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। शिखर सम्मेलन में कई देशों के शीर्ष नेताओं और प्रतिनिधिमंडलों के शामिल होने की संभावना के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के तहत मोटरकेड की रिहर्सल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 

रिहर्सल के दौरान जिन प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा, उनमें सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोती लाल नेहरू मार्ग और डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, सत्य मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंभा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, रंजीत सिंह फ्लाईओवर, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड और प्रेस एन्क्लेव रोड पर भी यातायात नियंत्रण लागू किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने कई प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट भी चिन्हित किए हैं, जहां रिहर्सल के दौरान वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर भेजा जा सकता है। इनमें डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, मीर दर्द चौक, कस्तूरबा गांधी मार्ग/आउटर सर्किल, जनपथ-कनॉट प्लेस, पटेल चौक, आरएमएल अस्पताल राउंडअबाउट, धौला कुआं फ्लाईओवर, मोती बाग फ्लाईओवर, लोदी रोड और मंडी हाउस प्रमुख हैं। ऐसे में इन इलाकों से गुजरने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। खासकर कार्यालय जाने वाले लोगों, सार्वजनिक परिवहन से यात्रा करने वालों और एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले यात्रियों को संभावित देरी को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा पहले से तय करनी चाहिए। मोटरकेड रिहर्सल का उद्देश्य आगामी ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान वीआईपी और विदेशी प्रतिनिधिमंडलों की सुरक्षित एवं सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था की तैयारियों का परीक्षण करना है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि प्रतिबंध और डायवर्जन आवश्यकतानुसार अस्थायी रूप से लागू किए जाएंगे और यातायात को सामान्य बनाए रखने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।


 

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें