फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

10th अक्तूबर CJP प्रोटेस्ट के विरोध में उतरा इन्फ्लुएंसर रिंकू पहलवान, बोला- लट्ठ लेकर जंतर-मंतर...

Wed, 07 Oct 2026 08:47 PM IST
Adarsh Jha अमर उजाला डिजिटल डॉट कॉम

कौन है ये पहलवान जो लठ लेकर जिम वाले लड़कों से चलने की अपील कर रहा है? और ये अपील कॉकरोच जनता पार्टी के खिलाफ की जा रही है। इससे पहले कि आपको आगे की पूरी कहानी बताएं, जरा सुनिए इनके बोल और इनकी अपील।

दरअसल, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है। CJP की ओर से देशभर के लोगों से इस प्रदर्शन में पहुंचने की अपील की जा रही है। लेकिन इसी बीच सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे वीडियो सामने आए हैं, जिनमें CJP के विरोध में लोगों से जुटने और लाठी लेकर जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की जा रही है। 

इस वीडियो में नजर आने वाला शख्स कुमुद राव उर्फ रिंकू यादव बताया जा रहा है। वह हरियाणा का रहने वाला है और सोशल मीडिया पर ‘रिंकू पहलवान’ नाम से जाना जाता है। वह जिम और फिटनेस से जुड़े वीडियो बनाता है। रिपोर्ट के मुताबिक, फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर उसके करीब साढ़े चार लाख फॉलोअर्स हैं। 

अब जरा समझिए कि रिंकू अपने वीडियो में क्या अपील कर रहा है।

वह दिल्ली, यूपी और हरियाणा के पहलवानों और जिम जाने वाले युवाओं से 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पहुंचने की बात कह रहा है। उसके हाथ में लाठी भी दिखाई देती है। एक वीडियो में वह युवाओं से कहता है कि देशभक्ति दिखाने का समय आ गया है और जंतर-मंतर पहुंचकर CJP को खदेड़ना है।

एक दूसरे वीडियो में उसकी भाषा और ज्यादा आक्रामक नजर आती है। वह दावा करता है कि अगर उसके साथ 50 मजबूत लड़के खड़े हो जाएं तो वह CJP के लोगों से निपट सकता है। वह यहां तक कहता है कि पुलिस की जरूरत नहीं है और लाठी लेकर जंतर-मंतर आने की अपील करता है। 

यानी एक तरफ CJP अपने प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बताकर लोगों से जंतर-मंतर पहुंचने की अपील कर रही है। CJP का कहना है कि उसका प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR से जुड़े मुद्दों को लेकर है। वहीं, दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर कुछ लोग इस प्रदर्शन के विरोध में लोगों को जुटाने की कोशिश कर रहे हैं। 

मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण हो गया है क्योंकि 10 अक्टूबर का प्रदर्शन अभी हुआ भी नहीं है, लेकिन उससे पहले ही सोशल मीडिया पर आमने-सामने की अपीलें दिखाई देने लगी हैं।

CJP ने दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की औपचारिक जानकारी दिल्ली पुलिस को दी है। हालांकि, 7 अक्टूबर की रिपोर्टों के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार किया है। CJP की ओर से इस फैसले पर सवाल भी उठाए गए हैं।
अब सवाल यही है कि 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर क्या होगा?

एक तरफ CJP के कार्यकर्ता और समर्थक जुटने की तैयारी में हैं। दूसरी तरफ उनके विरोध में सोशल मीडिया से भीड़ जुटाने की अपील की जा रही है। और सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर दोनों पक्ष आमने-सामने आते हैं, तो कानून-व्यवस्था कैसे संभाली जाएगी?

फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल इन वीडियो ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जरूर बढ़ा दी है। किसी भी प्रदर्शन में विरोध और असहमति लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा हो सकते हैं, लेकिन लाठी लेकर पहुंचने या किसी समूह को खदेड़ने जैसी अपीलें स्थिति को तनावपूर्ण बना सकती हैं।

ऐसे में 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर सिर्फ CJP के प्रदर्शन पर ही नहीं, बल्कि वहां की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर भी सबकी नजर रहेगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें