ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में प्रसव के दौरान महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत के मामले में परिजनों का गुस्सा शनिवार को दोबारा फूट पड़ा। टांडा मेडिकल कॉलेज से महिला का शव ऊना के लालबत्ती चौक पहुंचते ही परिजनों ने बीच सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे ऊना-हमीरपुर मार्ग पर यातायात बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। परिजन संबंधित महिला चिकित्सक को निलंबित करने की मांग पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और प्रदर्शनकारियों को शांत करने के प्रयास जारी रहे। प्रदर्शन के कारण वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। खबर लिखे जाने तक परिजनों का प्रदर्शन जारी था।