जगत गुरु श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व इस वर्ष भी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। गुरु नानक देव जी के वंशज बाबा सरबजोत सिंह जी बेदी, गुरु नानक मिशन संस्था और क्षेत्र की साध-संगत के सहयोग से आयोजित कार्यक्रमों के तहत सोमवार को भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन गुरुद्वारा बाबा बंदा सिंह बहादुर, हीरा थड़ा से शुरू हुआ। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया और पांच प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन गांव धुगा, कुंगड़त, ललड़ी, नंगल खुर्द, टालीवाल, सतोषगढ़, सनोली, बीनेवाल, पूना, मेहतपुर, देहला, बडाला और रक्कड़ सहित विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए ऊना साहिब पहुंचा। नगर कीर्तन के ऊना स्थित किला बाबा साहिब सिंह जी बेदी पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने ‘बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयकारों के बीच पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। नगर कीर्तन के स्वागत के लिए विभिन्न स्थानों पर स्वागती द्वार बनाए गए थे। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह लंगर लगाए और प्रसाद वितरित किया। सुंदर पालकी में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को सुशोभित किया गया था। नगर कीर्तन में शामिल सैकड़ों श्रद्धालु पूरे रास्ते ‘वाहेगुरु’, ‘धन गुरु नानक, तू ही निरंकार’ के शब्दों का जाप करते हुए श्रद्धा भाव से आगे बढ़ते रहे। इस अवसर पर गतका पार्टियों ने पुरातन युद्ध कला का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे देखकर संगत ने खूब उत्साह दिखाया। नगर कीर्तन के दौरान धार्मिक श्रद्धा, सेवा और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।