श्री गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में डीसी कॉलोनी ऊना साहिब स्थित गुरुद्वारा डेरा दुखभंजन साहिब में 37वें सालाना गुरमत समागम और कीर्तन दरबार के तहत सोमवार रात श्रद्धा और भक्ति से भरपूर रात्रि कीर्तन दरबार सजाया गया। शाम 7 बजे शुरू हुआ कीर्तन दरबार मंगलवार सुबह 7 बजे तक चला। इस दौरान संगत ने पूरी रात गुरु की बाणी का श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया। धार्मिक आयोजन के दौरान गुरु का लंगर लगातार चलता रहा। संगत के लिए विशेष रूप से पहाड़ी धाम की व्यवस्था भी की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। जत्थेदार सूरज प्रकाश सिंह ने बताया कि 13 नवंबर से प्रतिदिन शाम 3 बजे से 5 बजे तक आयोजित किए जा रहे श्री सुखमनी साहिब के पाठ का सोमवार को समापन हुआ। इससे पहले रविवार, 22 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक विशेष संत समागम आयोजित किया गया। संत समागम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे संत-महापुरुषों, कीर्तनीय रागी जत्थों और ढाढी जत्थों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान गुरु महिमा, धार्मिक विचारों और कीर्तन के माध्यम से संगत को आध्यात्मिक संदेश दिया गया। समागम में बाबा चरणजीत सिंह, बाबा हरजीत सिंह, बाबा सरबजीत सिंह, बाबा बाल, बाबा देवेंद्र दास, बाबा दयानंद, बाबा बिनपाल सिंह, बाबा मंगला नंद, बाबा जरनैल सिंह, भाई गुरप्रीत सिंह, भाई चिरंजीव सिंह, बाबा जीत सिंह, भाई अवतार सिंह, भाई कुलविंदर सिंह, बीबी परमजीत सिंह, भाई सिमरनदीप सिंह, भाई रविंद्र सिंह, भाई अमर सिंह, भाई रौनक सिंह, बाबा गुरमीत सिंह, बाबा बलदेव सिंह और गुलजार कविशरी जत्था सहित अनेक संत-महात्मा एवं प्रचारक शामिल हुए। इस अवसर पर सिंह कुलदीप सिंह मडमन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। जत्थेदार सूरज प्रकाश सिंह ने बताया कि मंगलवार, 24 नवंबर को गुरमत समागम का समापन होगा। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में मोहल्ला बैहली, अमर क्लब, डीसी कॉलोनी, बसोली, धंधयाल और रामपुर की संगत के सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगत के सहयोग और सेवा भावना से धार्मिक आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हो रहे हैं।