ऊना-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों के बीच ट्रैफिक पुलिस ने यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को ट्रैफिक पुलिस अंब ने मनोज ठाकुर के नेतृत्व में नाका लगाकर वाहनों की जांच की। इस दौरान पुलिस ने नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के कुल 26 चालान किए। पुलिस के अनुसार इनमें 20 चालान ओवरस्पीड के किए गए, जबकि छह चालान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने पर किए गए। पुलिस की कार्रवाई से यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। बड़ूही-दिलवां के बीच लगातार हो रहे हादसे ऊना-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ूही से दिलवां के बीच पिछले कुछ दिनों से लगातार सड़क हादसे सामने आ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसों का प्रमुख कारण बन रहा है। कई स्थानों पर तेज गति से आने वाले वाहनों के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लगातार हादसों को देखते हुए पुलिस ने भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वाहन चालकों का निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना और यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करवाने के लिए ट्रैफिक पुलिस की ओर से नाका अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि ओवरस्पीड और गलत तरीके से वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनें और सड़क पर वाहन चलाते समय किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने से ही सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सकता है।