विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उनके राजनीतिक सफर का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 7 अक्तूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और इसके बाद उन्होंने करीब 12 वर्ष तक गुजरात का नेतृत्व किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने की पुष्टि केंद्र सरकार ने भी की है। प्रधानमंत्री ने 7 अक्तूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में तीन बार सेवाएं दीं। इसके बाद वर्ष 2014 में वह देश के प्रधानमंत्री बने और लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विधायक सत्ती के अनुसार, भाजपा की ओर से 7 सितंबर से 7 अक्टूबर तक विशेष जन-जागरण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों को मिले लाभ की जानकारी जनता तक पहुंचाई जा रही है। उन्होंने विशेष रूप से जीवन ज्योति योजना, उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। सत्ती ने बताया कि ऊना जिले के प्रत्येक मंडल से भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को गगरेट विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के लिए रवाना किया गया है। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं और आम लोगों तक केंद्र सरकार की योजनाओं तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन से जुड़े पहलुओं की जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।