डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल ऊना में प्राचार्य आरएल पाठक के निर्देशानुसार गतिविधि प्रभारी पूनम खन्ना, रीना लट्ठ और सीमा सैनी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कक्षा नर्सरी से कक्षा चौथी तक के बच्चों की ओर से दशहरा उत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस शुभ अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधन समिति के उप प्रधान बलविंदर सिंह ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई। समन्वयक की भूमिका में पूनम खन्ना उपस्थित रहीं। रामायण के पात्रों की वेशभूषा धारण किए हुए नन्हे मुन्ने बेहद आकर्षक लग रहे थे। कक्षा पहली और दूसरी के बच्चों ने रामायण के लंका कांड को नाट्य मंचन द्वारा बड़े ही शानदार ढंग से प्रस्तुत किया। नाट्य मंचन की समाप्ति पर विद्यालय परिसर तालियों की आवाज और जय श्री राम के नारों से गूंज उठा। इस अवसर पर शिक्षिका पूजा गौतम ने बच्चों को रामायण पर आधारित बहुत ही सुंदर एवं प्रेरणादायक कविता सुनाई।