उपमंडल बंगाणा के एसडीएम कार्यालय में शिकायत निवारण कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्य कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता एवं कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने की। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न विभागों से संबंधित करीब 40 शिकायतों और समस्याओं पर विस्तार से मंथन किया गया। विधायक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निपटारा केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए। अधिकारी जरूरत के अनुसार मौके पर जाकर स्थिति देखें और शिकायतकर्ता को समाधान की जानकारी उपलब्ध करवाएं। बैठक में बंगाणा बाजार की निशानदेही करवाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इसके अलावा बस स्टॉप पर बने रेन शेल्टर को नगर पंचायत को सौंपने की मांग भी सामने आई। लठियाणी, थानाकलां, बीहड़ू और रायपुर में रेन शेल्टर तथा सुलभ शौचालयों के निर्माण से संबंधित मांगों पर भी चर्चा हुई। वहीं, लठियाणी बाजार में पेयजल समस्या के साथ विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क सड़कों के निर्माण और मरम्मत का मुद्दा भी बैठक में रखा गया। बैठक में बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि जिन मामलों का समाधान विभागीय स्तर पर किया जा सकता है, उन्हें अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को जनता से जुड़ी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने और तय प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। विधायक विवेक शर्मा ने शिकायतों के निपटारे को लेकर लिखित रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए। उनके अनुसार किसी शिकायत के समाधान के बाद उसकी एक प्रति संबंधित शिकायतकर्ता को और एक प्रति विधायक कार्यालय को भेजी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि विधायक कार्यालय के माध्यम से विभागों को भेजी जाने वाली जनता की शिकायतों पर भी समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में सामने आई समस्याओं के समाधान की प्रगति पर नजर रखने और संबंधित विभागों से रिपोर्ट प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। विधायक ने अधिकारियों से 15 दिन के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध करवाने को कहा।