ब्रिजेश्वर देवता मंदिर देयोथल गंबर पुल में सर्वजन कल्याण के लिए दो दिवसीय रुद्र महायज्ञ का विधिवत पूर्णाहुति के साथ समापन हो गया। इसमें क्षेत्र की सुख समृद्धि के लिए गंबरपुल के नजदीक ब्रिजेश्वर देवता मंदिर देयोथल में सैकड़ों विद्वान पंडितों ने महायज्ञ किया। पंडित प्रकाश चंद शर्मा ने बताया कि सर्वजन कल्याण के लिए, क्षेत्र की सुख समृद्धि व सनातन धर्म के प्रचार के लिए करवाया जाता है। इस दो दिवसीय महायज्ञ में सैकड़ों ब्राह्मणों व सनातन प्रेमियों ने अपनी सामर्थ्य अनुसार भाग लिया। महायज्ञ में अखंड रामायण, रुद्री पाठ, हनुमान चालीसा, गायत्री महायज्ञ, रुद्राभिषेक कर चार पहर की पूजा अर्चना पूरे विधि विधान से की गई। चतुर्थ प्रहर की पूजा अभिषेक के बाद भजन कीर्तन किया गया। वहीं इस दौरान अखंड रामायण पाठ को विराम दिया गया व उसके बाद हवन पूर्णाहुति के साथ भंडारे का आयोजन भी किया गया।