शूलिनी माता मंदिर में नवरात्र के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना के साथ भक्ति का माहौल बना रहा। इस अवसर पर दुर्गा संकीर्तन मंडली, नवदुर्गा संकीर्तन मंडली और बाल वैष्णो संकीर्तन के सदस्यों ने विशेष भजन प्रस्तुत कर नवरात्र पाठ किया। सोलन में चैत्र नवरात्र और शारदीय नवरात्र के दौरान पाठ और संकीर्तन की परंपरा दशकों से निभाई जा रही है। इसी परंपरा के तहत शूलिनी माता मंदिर में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की आराधना की और भजनों के माध्यम से माता का गुणगान किया। रात नौ बजे के बाद भी बड़ी संख्या में भक्त शूलिनी माता मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर माता के जयकारों और भजनों से भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।